नई दिल्ली: दिल्ली बम धमाके मामले में एनआईए ने शोपियां से एक और आरोपी यासिर अहमद डार को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह नौवीं गिरफ्तारी है। देश की राजधानी में लाल किले के पास हुए कार बम ब्लास्ट की साजिश में शामिल एक और अहम कड़ी को जांच एजेंसी एनआईए ने दबोच लिया है। दिल्ली को दहलाने वाले इस अटैक में यह 9वीं गिरफ्तारी है, जिसने यह स्पष्ट कर दिया कि जांच एजेंसियां आतंकियों के पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाडऩे की दिशा में काम कर रही हैं। वे तेजी से आगे की तरफ बढ़ रही हैं। यासिर ने आत्मघाती ऑपरेशन को अंजाम देने की शपथ भी ली थी। जांच में पता चला कि यासिर अहमद डार इस केस के अन्य आरोपियों के लगातार संपर्क में था। इनमें बम विस्फोट को अंजाम देने वाला मारा गया आतंकी उमर-उन-नबी का नाम भी शामिल है। एनआई की ओर से जारी बयान के मुताबित, आरोपी को मामला संख्या आरसी-21/2025/एनआईए/डीएलआई के तहत शहरी अतिक्रमण अधिनियम 1967 और बीएनएस 2023 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। एनआईए की जांच से पता चला है कि 10 नवंबर को राजधानी में हुए कार बम धमाके की साजिश में यासिर की सक्रिय भूमिका थी।
