नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। डेंगू की बीमारी से जूझ रहे अधिवक्ता की उपचार के दौरान मौत हो गयी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला दुर्गा निवासी अधिवक्ता विमल कुमार यादव पुत्र प्रेम सागर यादव जो कि कई वर्षों से कायमगंज तहसील में अधिवक्ता के रूप में लोगों को सेवाएं दे रहे थे तथा वह अपने घर पर भी सारे काम निपटाते थे। परिजनों के मुताबिक बीते लगभग 20 दिन पूर्व अधिवक्ता की तबीयत खराब हुई। उन्होंने निजी चिकित्सकों को दिखाया और दवा ली, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हालांकि वह बराबर तहसील जाकर काम निपटाते रहे। बीते शुक्रवार को भी वह तहसील गये थे। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने पहले उनको नवाबगंज दिखाया तथा बाद में फर्रुखाबाद, लेकिन कोई फायदा न होने पर परिजन उन्हें कानपुर ले गये। जहां उनका उपचार चल रहा था, लेकिन कोई फायदा ना होने से वहां के डॉक्टरों ने डेंगू की जांच कराई। जिस पर अधिवक्ता डेंगू पॉजिटिव निकला, लेकिन उनका उपचार जारी रहा। बीती रात उपचार के दौरान अधिवक्ता का निधन हो गया। वहीं अधिवक्ता विमल कुमार अपने पीछे ०९ वर्षीय पुत्री सौम्या, ०७ वर्षीय पुत्री डाली, ०4 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार, पत्नी मीना कुमारी को छोड़ गये। छोटे-छोटे बच्चों तथा पत्नी का करुण क्रंदन देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
