
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शनिवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय पर वोटर चेतना अभियान बैठक कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता की उपस्थिति में विधानसभा अमृतपुर एवं सदर के सभी मंडलों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने नव मतदाता बनाने के लिए पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय मंत्री ने विधानसभा अमृतपुर एवं सदर के सभी मंडलों की मंडलवार समीक्षा की।
देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कसनी पड़ेगी, इसके लिए पार्टी के पक्ष में मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए घर-घर जाकर वोटर चेतना अभियान के माध्यम से नए मतदाता बनाने होंगे। उन्होंने कहा सदर विधानसभा के पांच मंडल एवं अमृतपुर विधानसभा के चार मंडलों में नए मतदाता बनाने के लिए 25 व 26 नवंबर एवं 2 व 3 दिसंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा इस अभियान के माध्यम से घर-घर जनसंपर्क करके नए मतदाता बनने के लिए जागरूक करना होगा। 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को वोटर बनाना होगा।
इस विशेष अभियान की मॉनिटरिंग क्षेत्रीय व प्रदेश मुख्यालय द्वारा की जाएगी। इस अभियान से जुड़े हुए जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाब देही तय होगी। इस विशेष अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्राप्त हुए मत के प्रतिशत को 2024 के लोकसभा चुनाव में बढ़ाने के लिए पार्टी पदाधिकारी इस विशेष अभियान से जुड़े। संचालन अभिषेक बाथम ने किया। इस अवसर पर पूर्व विस्तारक धीरेंद्र वर्मा ने विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुनील रावत, शिवांग रस्तोगी, विकास पांडे, रामवीर सिंह चौहान, अमित पाल, कमल भारद्वाज, वीरेंद्र कठेरिया, ममता सक्सेना, सर्वेश कुशवाहा, धर्मेंद्र राजपूत, अजीत पांडे, विवेक सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
