-श्रद्धालुओं को भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराने की शुरुआत के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने से ट्रस्ट सचिव गदगद,मीडिया से मुखातिब होकर साझा की नई योजना।

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। रामनगरी स्थित अमावा मंदिर में संचालित राम रसोई की यात्रा के चार साल पूरे होने पर अमावा मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं को नई सौगात दिए जाने की योजना है।इस सौगात में श्रद्धालु राम भक्तों को अब दोनो पहर का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।इसके अलावा राम मंदिर उद्घाटन के दौरान दर्शन करने आने वाले राम भक्त श्रद्धालुओं को लंच पैकेट का वितरण भी किया जाएगा।शुक्रवार को यह जानकारी ट्रस्ट के सचिव किशोर कुणाल ने दी।वे इस योजना को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री कुणाल ने बताया कि गत 9 नवंबर वर्ष 2019 को सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक निर्णय आने के बाद राम जानकी विवाह पंचमी के अवसर पर एक दिसंबर वर्ष 2019 से राम रसोई की शुरुआत हुई है।हमें ऐसा आभास था कि रामलला की विजय अवश्य होगी इसलिए पहले से सारा प्रबंध किया गया था।इसके अंतर्गत सामूहिक भोजन के लिए एक विशाल हाल बनाया गया और सुंदर स्वच्छ रसोई की भी स्थापना की गई थी।इसलिए फैसले के तुरंत बाद प्रथम शुभ मुहूर्त पर एक दिसंबर वर्ष 2019 को राम रसोई का श्री गणेश हो गया था।उन्होंने बताया कि इस चार साल की अवध में करीब 25 लाख भक्तों ने राम रसोई में प्रसाद ग्रहण किया है।यहां भोजन में चावल,दाल,सांभर,कचौड़ी,आलू दम,कोफ्ता,तिलोरी,चटनी,पापड़ और घी कुल मिलाकर दस व्यंजन प्रेम से परोसे जाते हैं और भक्तों की संतुष्ट तक आग्रहपूर्वक उनका आतिथ्य किया जाता है।श्री कुणाल ने बताया कि प्रारंभ में भक्तों की संख्या कम थी किंतु धीरे धीरे यह संख्या बढ़ती गई और मार्च 2023 से हर महीने में यह संख्या 90 हजार से एक लाख के बीच प्रायः रही है।अब तक इस पर करीब साढ़े सात करोड रुपए खर्च हुए हैं।अभी राम रसोई पर तकरीबन एक लाख रुपए प्रतिदिन व्यय होता है और आगामी 15 जनवरी से दोनों पहर भोजन उपलब्ध कराने पर राशि और अधिक बढ़ जाएगी।उन्होंने बताया कि पहले राम मंदिर शाम होते ही बंद हो जाता था और इस अति सुरक्षित क्षेत्र में भक्तों का आवागमन नगण्य था इसलिए एक ही समय दिन में पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक राम रसोई की व्यवस्था की जाती थी किंतु अब रात्रि में भी इस इलाके में भक्तों की चहल पहल रहती है इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि आगामी 15 जनवरी से राम रसोई की व्यवस्था शाम सात बजे से रात्रि नौ बजे तक होगी।श्री कुणाल ने बताया कि इसके अतिरिक्त 15 जनवरी से एक महीने तक भक्तों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए राम रसोई में भोजन के अतिरिक्त उन राम भक्तों को जो भीड़ के कारण राम रसोई में भाग नहीं ले सकेंगे,पैकेट में भी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।यह व्यवस्था प्रात नौ बजे से प्रारंभ होगी।अयोध्या के इतिहास में पहली बार महावीर मंदिर पटना की ओर से प्रारंभ की गई इस राम रसोई को पूरे देश में सराहा गया है क्योंकि राम रसोई में भाग लेने वाले भक्त देश के प्रायः सभी क्षेत्रों से आते हैं और स्वादिष्ट भोजन प्रेम पूर्वक मिलने तथा भक्तों के आग्रह करने पर कोई भी राशि या सामग्री नहीं लेने की कारण लोग श्रद्धापूर्वक राम रसोई की स्मृति संजोये रहते हैं, इसलिए आशा है कि राम रसोई की प्रगति उत्तरोत्तर होती रहेगी।
