बसंत पंचमी पर भक्तों ने गंगा में लगायी आस्था की डुबकी

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बसंत पंचमी के पावन पर्व पर पांचाल घाट पर गंगा स्नान के लिए सुबह ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं के बावजूद हजारों लोगों ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और माँ सरस्वती की पूजा अर्चना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांचाल घाट पर स्नान का सिलसिला शुक्रवार तडक़े 4 बजे से ही प्रारंभ हो गया था। दोपहर 12 बजे तक करीब 8000 श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके थे। मेला श्रीरामनगरिया के चलते यहाँ कल्पवास कर रहे हजारों संतों और कल्पवासियों ने भी इस विशेष अवसर पर गंगा स्नान किया। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिसकर्मी दूरबीन की मदद से पूरे घाट क्षेत्र पर नजर बनाए हुए थे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए गंगा के किनारे बैरिकेडिंग की गई थी। तैनात पुलिस बल सीटी बजाकर लगातार लोगों को गहरे पानी के प्रति जागरूक करता रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर दान पुण्य किया। कई परिवारों ने इस शुभ दिन पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया, तो वहीं कई स्थानों पर सत्यनारायण की कथा का आयोजन भी देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *