वैष्णव संप्रदाय के संतों ने निकाली शोभायात्रा, दिखाये करतब

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बसंत पंचमी के अवसर पर संतों ने शोभायात्रा निकाली और गंगा में शाही स्नान किया। यह आयोजन बरगदिया घाट पर हुआ। जहां विभिन्न संप्रदायों की शोभायात्राएं निकाली गईं। बरगदिया घाट से वैष्णव संप्रदाय की शोभायात्रा अखिल भारतीय श्रीतेरा भाई खालसा के महंत मोहन दास महाराज की अध्यक्षता में निकाली गई। इस शोभायात्रा में सबसे आगे हनुमान जी के तीन निशान लेकर साधु चल रहे थे। पालकी पर ठाकुरजी और गुरुजी की प्रतिमाएं विराजमान थीं। बैंडबाजों की धुन पर संत और भक्त जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। संरक्षक हरिशंकर दास, महंत बाबा विष्णु दास महाराज, महंत नारायण दास, जयकरण दास, फूलदास, जगदीश दास और धर्मदास सहित कई संत इसमें शामिल हुए। इसी क्रम में आदर्श क्षेत्र से स्वामी सत्य स्वरूप ब्रह्मचारी की अध्यक्षता में एक कलश यात्रा भी निकाली गई। पीले वस्त्र धारण किए महिलाएं सिर पर कलश रखकर आगे चल रही थीं। भक्त गंगा मैया और राम नाम के भजनों पर थिरकते रहे। इस दौरान साधु संतों ने विभिन्न करतब भी दिखाए। महिलाएं गंगा से जल भरकर आश्रम ले गईं। जहां यज्ञशाला में कलशों की स्थापना कर यज्ञ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान श्रीपंच रामानंदी निर्मोही अनी अखाड़ा बटेश्वर धाम के महंत नारायण दास महाराज के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में गोपालदास, श्याम किशोर और राजेंद्र दास जैसे संत मौजूद रहे। संत सनकादेश्वर महादेव महाकाल मंदिर से भी एक पालकी यात्रा निकाली गई। भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया। यह पालकी यात्रा परिक्रमा मार्ग से होते हुए अपने क्षेत्र में समाप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *