गंगा में चलने वाली नाव, नाविक व गोताखोरों का कराया जाये पंजीकरण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभगार में सम्पन्न हुई। बैठक में डीएफओ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद में 370940 पौधे रोपने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिसे जनपद में 27 विभागों द्वारा लगाया जायेगा। वन विभाग 16 लाख पौधे लगायेगा, सभी विभागों की कार्ययोजना प्राप्त हो गई है, जुलाई के प्रथम सप्ताह में वृक्षारोपण किया जाना है।
डीएम ने निर्देशित किया कि सभी विभाग 20 जून तक जगह चिन्हित कर गड्डों की खुदाई करा लें, भूमि के प्रकार के अनुसार पौधों का चयन कर पौधों की मांग कर ले, सभी विभाग 2024-25 में लगाये गए पौधों को चेक करा लें कि वह सही है या नहीं, खराब हुये पौधों की जगह दूसरे पौधे लगवाये।
जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गंगा में चलने वाली नाव, नाविक व गोताखोरों का पंजीकरण कराया जाये। डी0पी0आर0ओ0 व ई0ओ0 गंगा में गिर रहे नालो का सर्वे कर ले व गंगा के किनारे बसी ग्रामपंचायतों से ये प्रमाणपत्र प्राप्त करे कि उनके यहाँ कोई भी सीवेज गंगा में नहीं जा रहा है। खनन अधिकारी को पांचाल घाट की सीढिय़ों पर एकत्र हुई बालू का मेजरमेंट कर नीलाम कराने के लिये निर्देशित किया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को जिले में प्रदूषण फैलाने बाली इकाइयों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। बैठक में डी0एफ0ओ0, पी0डी0 डीआरडी , व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वित्तीय वर्ष जनपद में 370940 पौधे रोपने का लक्ष्य हुआ प्राप्त: डीएम
