
१०८ कुंडीय यज्ञ की तैयारियां का भी लिया जायजा
कंपिल, समृद्धि न्यूज। डीएम व एसपी ने थाना दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने थाने का औचक निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद नगर में चल रहे 108 कुंडीय महायज्ञ व प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।शनिवार को आयोजित थाना दिवस में डीएम संजय कुमार व एसपी विकास कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। थाना दिवस में कुल १५ प्रार्थना पत्र आए। जिसमे छ: लोगों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। सबसे अधिक समस्याएं जमीन से संबंधित मामले की रहीं। इसके बाद उन्होंने थाने की साफ-सफाई व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, रसोई घर की व्यवस्था को परखा। जिसके बाद नगर में स्थित जैन स्वेताम्बर मंदिर के परिसर में चल रहे चार दिवसीय 108 कुंडीय महायज्ञ व प्रदर्शनी का निरीक्षण कर समाजसेवी पुखराज डागा से जानकारी ली। उन्होंने वहां लगी प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को नशा से दूर रहने की अपील की। उन्होंने अपने आसपास पेड़ पौधे लगाने, जल बचाने आदि का लोगों से आग्रह किया। इस दौरान सीओ सोहराब आलम, उपजिलाधिकारी यदुवंश कुमार, कार्यवाहक थाना प्रभारी, अच्छे लाल पाल, दारोगा संजय राय आदि लोग मौजूद रहे।
