
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टे्रट सभागार में किसान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम ने मुद्रा लोन की समीक्षा की। अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि मुद्रा लोन के प्रचार प्रसार हेतु जनपद की सभी बैंकर्स के साथ समन्वय स्थापित कर विकास खण्ड स्तर पर कैम्प लगाकर लोगों को जागरुक किया जायेगा। कमालगंज के कतरौली पट्टी निवासी कृषक शिवप्रताप ने किसान के्रडिट कार्ड पर कितना प्रतिशत ब्याज लगता है व कितनी प्रतिशत छूट मिलती है के बारे में जानकारी चाहीं। जिस पर जिला विकास प्रबंधक (नाबार्ड) ने बताया कि कृषकों को ७ प्रतिशत ब्याज लगने की जानकारी दी। उन्होंने कि यदि केसीसी धारक एक वर्ष के अंदर ऋण अदा कर देता है तो उसे ३ प्रतिशत की छूट मिलती है। बैठक में ज्ञात हुआ कि जनपद में डेंगू की जांच के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। जांचकर्ता न तो डेंगू घोषित करते है और न ही कोई अन्य समस्या लिखते है। जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि डेंगू की पुष्टि हेतु मरीजों को एलिसा टेस्ट के लिए जनपद लोहिया अस्पताल या कानपुर में जांच करवानी चाहिए। आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए अन्त्योदय कार्ड धारक, पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों के लिए भी पोर्टल खोल दिया गया है। ऐसे लोग स्वयं या जनसेवा केंद्र, आशा बहुओ, पंचायत सहायकों के सहयोग से इस योजना में ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। मुडगांव निवासी कृषक छविनाथ ने बताया कि गाटा संख्या २१८१ पर धान की फसल बोई गई थी। जिसके ग्राम प्रधान व लेखपाल ने जबरदस्ती जुतवा दी। किसान पदाधिकारियों ने जनपद में बाढ़ से जो फसले बर्बाद हुई है उनका सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाये जाने की मांग की। वहीं पांचाल घाट के उत्तर दिशा में अंतिम संस्कार कराने हेतु आने वाले परिजनों व साथियों के लिए धूप व बरसात से बचने के लिए टीन शेड डलवाने की मांग की। शमशान घाट पर दबंग सफाई कर्मियों द्वारा रसीद के अलावा अन्य एक-एक हजार रुपये वसूली की जाती है उस पर रोंक लगावाने की मांग की। सातनपुर मण्डी रोड को गड्ढा मुक्त व जर्जर बिजली के तार व खम्बे सही कराने की मांग की। जिस पर डीएम ने मार्ग को गड्ढा मुक्त कराये जाने का आश्वासन दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, आलू व शाकभाजी विकास अधिकारी, जिला गन्नाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, उप प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला प्रबंधक पीसीएफ, वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक इफको आदि संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
