डीपीआरओ से मांगा स्पष्टीकरण, बीडीओ दोषियों के खिलाफ करें कार्यवाही: डीएम

जनपद की रैकिंग हुई खराब तो जिला स्तर के अधिकारियों पर होगी कार्यवाही
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0वी0के0सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाये जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे दस्तक अभियान के तहत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। समीक्षा में मोहम्मदाबाद व कमालगंज ब्लॉक में झाडिय़ों की कटाई कम हुई पाई गई। डीएम ने डी0पी0आर0ओ0 का स्पष्टीकरण तलब किया व खंड विकास अधिकारी को दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया।
डीएम द्वारा निर्देशित किया कि सभी लोग माइक्रो प्लान के अनुसार कार्य सम्पन्न कराये, जिन विभागों के कारण अभियान में जनपद की रैंक खराब होगी, उनके जनपद स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। दस्तक अभियान में लिंजीगंज में आशाओं की विजिट में पीछे होने पर जिलाधिकारी द्वारा अर्बन पी0ए0सी0के पांचों एम0आई0सी0 के वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिये गये। डीएम ने निर्देशित किया कि कोई भी अधिकारी अपने सीनियर अधिकारी से अनुमति प्राप्त किये बगैर जनपद नहीं छोड़ेगा व जनपदीय अधिकारी बिना जिलाधिकारी की अनुमति के जिले से बाहर नहीं जायेगें। डीएम ने निर्देशित किया कि अभियान चलाकर सभी क्षेत्रों में फागिंग, क्लीनिंग व एन्टी लार्वा का छिडक़ाव कराया जाये। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर नितेश राज व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *