डीएम ने मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, मतदाताओं को दी जानकारी
फर्रुखाबाद/कमालगंज, समृद्धि न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में रविवार को जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची पढक़र सुनाई गई। यह कार्य विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संपन्न कराया गया। आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़े जाने के कार्य की समीक्षा हेतु जनपद के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों हेतु अधिसूचित 05-05 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा जनपद के कुल 166 सुपरवाइजर के द्वारा भ्रमण कर ग्राम सभाओं/वार्ड समिति की बैठक में बी0एल0ओ0ए ग्राम प्रधान/वार्ड मेम्बर, राशन कोटेदार, पंचायत सहायक एवं ग्राम रोजगार सेवक, विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों/बी0एल0ए0 की उपस्थिति में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा आलेख्य निर्वाचक नामावली तथा एएसडीडीआर सूची का सार्वजनिक वाचन कराया गया। बी0एल0ओ0 एवं बी0एल0ओ0 सुपरवाइजर्स के कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर जिला स्तरीय कुल 77 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गयी।
इसी क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची पढ़े जाने वाले 194 फर्रुखाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र जनता राष्ट्रीय इण्टर कालेज फतेहगढ़ के बूथ संख्या-151, 152, 153, 154, 155, 156 व 157 व प्राथमिक विद्यालय नवदिया के बूथ संख्या 146 व 147 तथा 195 भोजपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संविलियन विद्यालय, कमालगंज के बूथ संख्या 274, 275, 276, 277, 278, 279 व 280, कन्या प्राथमिक पाठशाला कमालगंज के बूथ संख्या-282 व 283 तथा टा0ए0 कार्यालय, कमालगंज के बूथ संख्या 273 व 281 का निरीक्षण किया। जिसमें बी0एल0ओ0 के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जिन मतदाताओं नाम आलेख्य निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है और जो अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके है वे फार्म-6 में अपना पता, पिन कोड, मोबाइल नम्बर, जन्म तिथि तथा मानक के अनुरूप रंगीन फोटोग्राफ एवं अनुलग्नक-4 (घोषणा पत्र) में वांछित 12 विकल्पों में आवश्यक अभिलेखीय प्रमाण के साथ जमा कर सकते हैं तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नाती की प्रविष्टि घोषणा पत्र में अवश्य भरे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से अब तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों से संबंधित फॉर्मों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि मतदाताओं को आवश्यक फॉर्म एवं जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके अंतर्गत ऐसे नागरिक जो किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके है, जिनका नाम एएसडी सूची में आ गया है अथवा जिनकी अब तक मैपिंग नहीं हो सकी है, यदि वे पात्र हैं तो उन्हें सूची में सम्मिलित किया जा रहा है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं।
बीएलओ द्वारा मतदान केंद्रों पर पढक़र सुनाई गई आलेख्य मतदाता सूची
