DRDO का सफल परीक्षण, एक लॉन्चर से बैक-टू-बैक 2 प्रलय मिसाइल लॉन्च

समृद्धि न्यूज। साल के आखिरी दिन डीआरडीओ ने प्रलय मिसाइल का सफल साल्वो लॉन्च कर इतिहास रच दिया। ओडिशा तट से एक साथ दागी गईं दो मिसाइलों ने सटीक निशाना लगाकर दुश्मन के डिफेंस सिस्टम को भेदने की अपनी घातक क्षमता साबित कर दी है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 10:30 बजे ओडिशा तट के पास एक ही लॉन्चर से दो प्रलय मिसाइल दागी गईं। यह उड़ान परीक्षण यूजर इवैल्यूएशन ट्रायल्स के तहत किया गया। दोनों मिसाइलों ने तय की गई दिशा का पूरी तरह पालन किया और सभी उड़ान उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया। इस परीक्षण के दौरान मिसाइलों की उड़ान पर कड़ी नजर रखी गई। चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज द्वारा तैनात ट्रैकिंग सेंसरों ने पूरे ट्रैजेक्टरी की पुष्टि की। वहीं, लक्ष्य क्षेत्र के पास तैनात जहाजों पर लगे टेलीमेट्री सिस्टम के जरिए अंतिम चरण की घटनाओं को भी सफलतापूर्वक रिकॉर्ड किया गया। प्रलय एक पूरी तरह स्वदेशी क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल है, यह सॉलिड प्रोपेलेंट से चलती है और अत्याधुनिक गाइडेंस और नेविगेशन सिस्टम से लैस है, जिससे यह बहुत सटीक निशाना लगा सकती है, इसकी खासियत यह है कि यह अलग-अलग तरह के वॉरहेड ले जा सकती है और विभिन्न लक्ष्यों पर हमला कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *