बोले—प्रशासनिक पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यों पर रहेगा विशेष जोर
सैफई, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में नवनियुक्त कुलसचिव दीपक वर्मा ने सोमवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्हें विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के अग्रवाल ने चार्ज सौंपा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद कुलसचिव दीपक वर्मा ने कुलपति प्रोफेसर डॉ. अजय सिंह से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की वर्तमान प्रशासनिक एवं शैक्षणिक स्थिति पर चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने प्रतिकुलपति प्रोफेसर डॉ. रमाकांत यादव, वित्त निदेशक जगरोपन प्रसाद निषाद, डीन मेडिकल प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. एसपी सिंह और चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. अमित सिंह से भी भेंट की और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कुलसचिव दीपक वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शैक्षणिक, चिकित्सीय और प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए टीमवर्क के साथ कार्य किया जाएगा।
कुलसचिव दीपक वर्मा वर्ष 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। वे प्रदेश के विभिन्न जनपदों की तहसीलों में उप जिलाधिकारी के पद पर तैनात रह चुके हैं और प्रशासनिक अनुभव के साथ अब विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
