समृद्धि न्यूज। दिल्ली में आज सुबह हल्की बारिश ने ठंड और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने दो दिन पहले ही बारिश की संभावना जताई थी, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। देश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। राजधानी एकबार फिर कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बीते दो दिन से दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी थी। शुक्रवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने अचानक करवट ली। दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम और भी ठंडा हो गया। इस बारिश ने लोगों को सर्दी का अहसास और भी गहरा कर दिया है। दिल्ली के साकेत, मयूर विहार, लक्ष्मी नगर और नोएडा में सेक्टर-62, 18, 12 सहित कई इलाकों में सुबह हल्की बारिश हुई। वहीं आईएमडी ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं कल दिल्ली में सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया था, 8 जनवरी को दिल्ली के सफदरजंग में तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड पर 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शीतलहर के बीच दिल्ली के अलावा आज सुबह गुरुग्राम में भी बारिश हुई। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार मौसम विभाग ने गुरुग्राम में बारिश होने के अनुमान नहीं लगाया था, अचानक हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश और उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
