
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद के ग्राम पखना के निवासी बसीर खान की पुत्री अलकुमनिशा 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ की एनसीसी कैडेट थी। जिसने बटालियन के सहयोग से निशानेबाजी में हुनर हासिल किया । पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण शूटिंग की होने वाली हर कॉम्पटीशन में मुसीबत का सामना करना पड़ा, परन्तु अलकुमनिशा ने हिम्मत न हारकर लगातार शूटिंग चैंपियनशिप जीतने के लिए प्रयास करती रही। अलकुमनिशा 23 मार्च से 7 अप्रैल 2021 तक होने वाली नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल तथा 65वें राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप जो कि 2022 में केरल में सम्पन्न हुई थी में कांस्य पदक हासिल कर चुकी है। म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजा शंकर ने इस बेटी की मदद की। प्रधानाचार्य ने जब बेटी की प्रतिभा को डीएम तथा एडीएम के समक्ष रखा तो एडीएम के सहमति से डीएम संजय कुमार सिंह ने बेटी को 75000 की आर्थिक सहायता करते हुए शूटिंग किट दिलवायी। अलकुमनिशा का लक्ष्य 2024 में होने वाले ओलंपिक में शूटिंग प्रतिस्पर्धा में प्रतिभाग करके देश का नाम रोशन करना है। इन्हीं प्रयासों के चलते अलकुमनिशा ने पुलिस विभाग में सरकारी प्राप्त कर ली।
