फर्रुखाबाद। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का जो पहले मैप जारी किया गया था उसमें उसमें फर्रुखाबाद जनपद का नाम शामिल था, लेकिन अब बदले गये मैप से हटा दिया गया है। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे के जरिए विकास की रफ्तार को तेज करने की योजना पर लगातार काम किया जा रहा है। प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे, गोरखपुर-शामली एक्सप्रेस-वे के बाद अब योजना नोएडा-कानपुर एक्सप्रेस-वे की बनाई जा रही है। इसको लेकर कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। औद्योगिक नगरी कानपुर को इस एक्सप्रेस-वे के जरिए सीधे देश के बड़े एयरपोर्ट में से एक के रूप में विकसित किए जा रहे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी दी जाएगी। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निर्माण की योजना पर पहले से काम चल रहा है। नए एक्सप्रेसवे की परियोजना से इसके आसपास के इलाकों में औद्योगिक विकास और विकास योजनाओं को संचालित करने में मदद मिलेगी। एक्सप्रेसवे से हापुड़ को भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए 60 किलोमीटर लंबे कनेक्टर रोड के निर्माण की योजना है। कानपुर से हापुड़ के बीच एक्सप्रेस-वे के निर्माण की योजना तैयार की गई थी। जिसमें गाजियाबाद से शुरू होकर हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव की सीमा क्षेत्र से होते हुए कानपुर को जोड़े जाने की योजना थी, लेकिन अब इस मैप में परिवर्तन किया गया है। जिसमें फर्रुखाबाद का नाम शामिल नहीं है।
