गौ आधारित खेती से लागत घटाने और आय बढ़ाने पर जोर

पीएनबी किसान प्रशिक्षण केंद्र सैफई में तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

सैफई : खेती को रासायनिक निर्भरता से मुक्त कर प्राकृतिक और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक के किसान प्रशिक्षण केंद्र, सैफई में तीन दिवसीय गौ आधारित जीरो बजट खेती प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर अरविंद प्रताप सिंह परिहार (एनएमएनएफ) ने बताया कि गौ आधारित खेती ऐसी पद्धति है, जिसमें गाय के गोबर और गोमूत्र से तैयार प्राकृतिक उर्वरक और कीटनाशकों का प्रयोग किया जाता है। इससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और फसलों की गुणवत्ता में सुधार होता है। उन्होंने कहा कि इस पद्धति को अपनाने से खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आती है और किसान आत्मनिर्भर बनते हैं।
उन्होंने जैविक उर्वरकों के निर्माण, प्राकृतिक कीटनाशकों की तैयारी, गौ दुग्ध व गोमूत्र आधारित उत्पादों के निर्माण और उनके विपणन की जानकारी दी। साथ ही जैविक फसलों की खेती कर बाजार से बेहतर मूल्य प्राप्त करने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मास्टर ट्रेनर ने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान अतिरिक्त आय के अवसर भी सृजित कर सकते हैं।
केंद्र के निदेशक विपिन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतिभागी प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपनी खेती में अपनाएंगे और आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगे। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।
प्रशिक्षण में क्षेत्र के कुल 29 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर मिथलेश सिंह, ब्रज किशोर सिंह, रघुनाथ सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *