
नगर में भ्रमण कर दुकानदारों को दी चेतावनी
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। नगर में अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए ईओ ने व्यापारियों के साथ बैठक की तथा नगर में भ्रमण कर दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
कमालगंज थाना क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को लेकर नगर पंचायत ईओ अधिशासी अधिकारी आशीष कुमार ने थाना अध्यक्ष कमालगंज एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष ध्रुप प्रकाश मिश्रा, नरेश चंद्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता उर्फ सुल्ले, अमित तिवारी, अरविन्द गुप्ता, दीपक सुनार एवं अन्य व्यापारियों के साथ बैठक की। शासन एवं जिला स्तरीय निर्देश के अनुसार कमालगंज में अतिक्रमण एवं साफ -सफाई के दृष्टिगत एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें थाना अध्यक्ष कमालगंज से व्यापारियों ने कमालगंज तिराहे पर खड़े होने वाले ऑटो एवं दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर कब्जा को लेकर लगने वाले जाम एवं उससे उत्पन्न होने वाली समस्या को उठाया एवं नगर में मच्छरों से निजात पाने के लिए नालियों में दवाई का छिडक़ाव, जगह-जगह पेयजल के टूटे पाइपों की मरम्मत होने में आ रही दिक्कत तथा नगर में लगे सीसीटीवी कैमरा की मरम्मत करवाने की मांग रखी गई। ईओ आशीष कुमार ने बैठक के बाद व्यापारियों एवं पुलिस बल के साथ कमालगंज नगर में भ्रमण कर दुकानदारों से अवैध रूप से रोड के किनारे फुटपाथ पर किये गये अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया, तो पुलिस के द्वारा मुकदमा पंजीकृत करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
