समृद्धि न्यूज। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष के विमान के नैविगेशन सिस्टम से छेड़छाड़, यह कैसे हो सकता है। हालिया वर्षों में किन जगहों पर जीपीएस बंद होने या इससे छेड़छाड़ होने से जुड़ी घटनाएं दर्ज की गई हैं। यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के प्लेन में जीपीएस जाम की खबर सामने आई है। रिपोट्र्स के मुताबिक, लेयेन के प्लेन में बुल्गारिया के ऊपर जीपीएस सिग्नल में रुकावट आई, जिसे रूस की हरकत माना जा रहा है। यूरोपियन कमीशन की प्रवक्ता अरियाना पोदेस्ता ने बताया कि विमान प्लोवदिव एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया और उर्सुला अपनी पूर्वी यूरोपीय देशों की चार दिवसीय यात्रा जारी रखेंगी।
आयोग की तरफ से दावा किया गया कि उसे बुल्गारिया के अधिकारियों से जानकारी मिली है कि इस घटना के पीछे रूस का हाथ होने का सबसे ज्यादा शक है। अमेरिकी अखबार द फाइनेंशियल टाइम्स (एफटी) ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि वॉन डेर लेयन का विमान जीपीएस बंद होने के बाद प्लोवदिव एयरपोर्ट पर उतरा। विमान को सही-सलामत लैंड कराने के लिए पायलट को कागज वाले नक्शों का इस्तेमाल कर रास्ता ढूंढना पड़ा। बुल्गारिया की सरकार ने भी पुष्टि की कि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष जिस वक्त फ्लाइट में थीं, उसी दौरान विमान के जीपीएस सिस्टम को जानकारी पहुंचाने वाले सैटेलाइट सिग्नल अचानक बंद हो गए। इसके बाद विमान की सुरक्षा और हवाई नियंत्रण बनाए रखने के लिए लैंडिंग के दूसरे तरीकों को आजमाया गया। रूसी अधिकारियों ने इस घटना पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया। रूस इसे अपनी रक्षा के लिए करता है, लेकिन इसका दायरा अब रूस की सीमाओं से कहीं आगे बढ़ गया है।
वहीं पोडेस्टा ने कहा, यह घटना वास्तव में उस मिशन की तात्कालिकता को रेखांकित करती है, जिसे राष्ट्रपति अग्रिम पंक्ति के सदस्य देशों में अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वॉन डेर लेयेन ने रूस और उसके सहयोगियों से आने वाले खतरों की रोज़मर्रा की चुनौतियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा। उन्होंने कहा, ज़ाहिर है यूरोपीय संघ इस घटना के बाद भी रक्षा खर्च और यूरोप की तैयारियों में और भी ज़्यादा निवेश करता रहेगा।
यूरोपियन यूनियन के अध्यक्ष के विमान का जीपीएस हुआ जाम, रुस पर लगा आरोप, बाल-बाल बची जान
