
तेज धमाका होने से भयभीत लोग घरों से निकले, बड़ा हादसा होने से टला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जल निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आयी है। फतेहगढ़ के बेवर रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थित पानी की टंकी शनिवार को अचानक फट गयी। जिससे चारों ओर पानी की पानी हो गया। वहीं आसपास के लोग भयभीत हो गये। आसपास के लोगों का कहना था कि यदि टंकी के नीचे कोई होता, तो उसकी मौत निश्चित थी। बताते चलें कि टंकी काफी जर्जर हो चुकी थी। पॉलीटेक्निक के प्राचार्य ने संबंधित विभाग को पूर्व में आगाह कर दिया था कि टंकी जगह-जगह से चू रही थी। जो किसी भी समय धराशायी हो सकती थी, लेकिन जल निगम नहीं चेता और आखिरकार आज पानी की टंकी तेज धमाके के साथ गिर गयी। टंकी गिरते ही आसपास के लोग भयभीत हो गये। लोग घरों से बाहर निकल आये और मौके पर पहुंचे। टंकी का पानी चारों ओर फैल गया था। लोगों का कहना था कि कोई हादसा हो जाता, तो उसका जिम्मेदार कौन होता। वहीं प्रशासन भी इस मामले में चुप्पी साधे है।
