उन्नाव, समृद्धि न्यूज। औरास थाना क्षेत्र में पिता ने घर में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर से बरामद किए जेवरात।
औरास थाना क्षेत्र के ग्राम खुटेहना से एक चोरी होने का मामला सामने आया है, जिसने परिवार और रिश्तों की सच्चाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव निवासी गजराज ने सुबह पुलिस को सूचना दी कि उनके घर में चोरी हो गई है। जिसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हर कमरे के ताले सलामत थे। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने घर के अंदर भूसे के ढेर की तलाशी शुरू कराई। जैसे ही भूसा हटाया गया, उसमें से एक बोरी निकली। बोरी में छोटी-बड़ी डिब्बियां और पर्स भरे थे, जिनमें लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। यह वही जेवर थे जिन्हें गजराज ने अपने ही घरवालों से छिपाकर रखा था। पूछताछ में गजराज ने बताया कि वे अपने विवाहित बेटों और बहुओं को ये जेवर नहीं देना चाहते थे। यही कारण था कि उन्होंने चोरी का झूठा नाटक रचा। बोरी में बहुओं के हिस्से के जेवर भी रखे हुए थे।
पुलिस ने जेवरात गजराज को वापस सौंपते हुए समझाया कि परिवार में अविश्वास केवल रिश्तों को तोड़ता है। थाना प्रभारी ने कहा कि परिवार की मजबूती बांटने से आती है, छिपाने से नहीं।
यह घटना केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि इस बात की मिसाल है कि जब रिश्तों में विश्वास डगमगा जाता है तो घर की चौखट भी सवालों से भर जाती है।
