सूचना के घंटों बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर के मोहल्ला प्रधानिया टोला निवासी राजू रस्तोगी का बाजार कलां में तीसरी मंजिल पर कपड़े का शोरूम है। यहीं पर कभी ज्वेलर्स का भी शोरुम था। रविवार की सुबह 9:30 बजे के करीब अचानक शोरुम में उस वक्त आग लग गई जब शोरूम बंद था। बताते हैं जब धुएं का गुबार बाहर निकला, तो लोगों में हडक़ंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। भीड़ में कुछ लोगों ने घटना की जानकारी शोरूम स्वामी को दी। कुछ लोगों ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना पाकर शोरूम स्वामी मौके पर पहुंचा, तो शोरूम के अंदर धुएं के गुबार उठ रहे थे। लोगों ने आग बुझाने के तमाम प्रयास किए यहां तक की नगर पंचायत से पानी के लिए टैंकर और लिफ्ट की सहायता ली गई लिफ्ट के सहारे आग बुझाने का काफी देर तक प्रयास होता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, तो पुलिस ने आगजनी की घटना की जांच पड़ताल करते हुए सूचना उच्चाधिकारियों को दी। वहीं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फतेहगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ी घंटों बाद शमशाबाद पहुंची। बताया गया है जब तक फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने की कोशिश की तब तक शोरूम जलकर खाक हो चुका था। फायर ब्रिगेड आग बुझाने की शेष प्रक्रिया पूर्ण कर वापस लौट गई। हालांकि इस आगजनी की घटना में लाखों रुपए के कीमती कपड़े जलकर खाक हो गए। सबसे बड़ी बात यह है शमशाबाद नगर क्षेत्र में एक बड़ी आबादी होने के बावजूद भी यहां प्रशासन द्वारा फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई गई। जिससे आए दिन क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं बर्बादी का कारण बनीं हुई है। लोगों का यह भी कहना था अगर समय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी आ गई होती तो शायद एक बड़ा नुकसान होने से बच जाता। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी शमशाबाद पहुंची तब तक तो सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
बिजली के शार्ट सर्किट से कपड़े के शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का माल खाक
