लॉन्च हुआ पहला स्वदेशी माइक्रोप्रोसेसर Vikram-3201 Chip

समृद्धि न्यूज। भारत ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए पहली बार स्वदेशी 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर विक्रम पेश किया है। चिप क्रांति में भारत ने बड़ा कदम बढ़ाया है। भारत ने पहली मेड इन भारत प्रोसेसर और टेस्ट चिप तैयार कर ली हैं। मंगलवार को सेमीकॉन इंडिया 2025 के दौरान केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने इन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा। इसमें शामिल 32 बिट प्रोसेसर को विक्रम नाम दिया गया है।
यह एक 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर है, जिसे खासतौर पर अंतरिक्ष मिशनों की कठोर परिस्थितियों में काम करने के लिए बनाया गया है। इसकी -55 डिग्री सेल्सियस से लेकर +125 डिग्री सेल्सियस तक तापमान झेलने की क्षमता इसे बेहद मजबूत बनाती है। इसका काम रॉकेट और लॉन्च व्हीकल्स में नेविगेशनए कंट्रोल और मिशन मैनेजमेंट को संभालना है। इसे मिलिट्री-ग्रेड स्टैंडड्र्स के हिसाब से तैयार किया गया है ताकि यह रेडिएशन और वाइब्रेशन जैसी कठिन परिस्थितियों में भी काम करता रहे। पहली बार भारत ने इस स्तर और स्पेसिफिकेशन का प्रोसेसर खुद तैयार और निर्मित किया है। यह लॉन्च व्हीकल एवियोनिक्स के लिए बनाया गया है। यह प्रोसेसर विक्रम 1601 का अपग्रेडेड वर्जन है, जो 2009 से इसरो के लॉन्च व्हीकल्स को पावर दे रहा है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में 5 सेमीकंडक्टर यूनिट का निर्माण चल रहा है, इसमें से एक की पायलट लाइन पूरी हो चुकी है। दो अन्य में भी जल्द उत्पादन शुरू होगा, यह भारत की सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

विक्रम 3201 सिर्फ तकनीकी रूप से ही मजबूत नहीं है, बल्कि यह बहुत कम बिजली की खपत करता है। यह 3.3 वोल्ट की एकल सप्लाई पर चलता है, 100 मेगाहट्र्ज की क्लॉक स्पीड पर काम करता है और 500 मिलीवाट से कम बिजली खर्च करता है। साथ ही, इसका स्टैंडबाय करंट 10 मिलीएम्पियर से भी कम है, इसका मतलब है कि यह प्रोसेसर ऊर्जा बचाने में भी बहुत अच्छा है। इतना ही नहीं, यह बेहद गर्म और ठंडे माहौल में भी काम कर सकता है, जहां तापमान -55 डिग्री सेल्सियस से लेकर 125 डिग्री सेल्सियस तक हो।
इसका पैकेज 181-पिन वाला है और इसे पूरी तरह सीलबंद रखा गया है, ताकि बाहरी माहौल के खतरों से यह सुरक्षित रह सके, इसके अतिरिक्त, इसमें 256 सॉफ्टवेयर इंटरप्ट्स, चार स्वतंत्र 32-बिट टाइमर और दो 1553बी बस इंटरफेस भी शामिल हैं, जो इसे बहुमुखी और भरोसेमंद बनाते हैं। साथ ही, इसमें इनबिल्ट टेस्टिंग और स्कैन फीचर्स भी हैं, जिससे इसे हर वक्त जांचा और टेस्ट किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *