शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। कलश विसर्जन यात्रा के बाद गंगा में स्नान करते समय पांच युवक डूब गये। कड़ी मशक्कत के बाद चार युवकों को सकुशल निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक को समय से नहीं निकाला जा सका। जिससे उसकी मौत हो गयी। उसके शव को डूबने के करीब एक घंटे बाद निकाला जा सका। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव मकू नगला निवासी विकास, नंद किशोर उम्र 16 वर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव में ग्रामीणों के सहयोग से भागवत कथा का कार्यक्रम कराया गया था। भागवत कथा समाप्ति के बाद रविवार को कलश विसर्जन यात्रा निकाली गई। इस कलश विसर्जन यात्रा में ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार ग्रामीण व महिलाएं, बच्चे सभी लोग गाजे बाजे के साथ ढाईघाट शमशाबाद पहुंचे। जहां विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। तदोपरांत कलश विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की गयी। बताते हैं कलश विसर्जन के दौरान युवा गंगा में घुस गए और स्नान करने लगे। बताया गया कि गंगा पार करने की होड़ में जब सभी युवक पानी के तेज बहाव में बहने लगे, तो शोर शराबा करने लगेे। चीख पुकार सुनकर उपस्थित लोगों की भीड़ में कुछ लोगों ने हिम्मत का परिचय देते हुए गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद चार युवाओं को तो बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक विकास को नहीं निकाला जा सका, क्योंकि विकास पानी के तेज बहाव में काफी दूर तक बह गया था। कलश विसर्जन से पूर्व पुरुष, महिलाएं, बच्चे ढोलक की थाप पर काफी खुशियां मना रहे थे। देखते ही देखते खुशियां मातम में बदल गयी। परिवार की महिलाएं बुरी तरह बिलख रही थीं। कड़ी मशक्कत के बाद करीब ३ बजे मृतक के शव को बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस मृतक के शव को शमशाबाद थाने लेकर पहुंची। जहां परिजनों की उपस्थिति में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कलश विसर्जन यात्रा में पांच युवक गंगा में डूबे, एक की मौत
