नौकरी न लगने व ब्लेकमेल करने से क्षुब्ध होकर मेरे पुत्र ने की आत्महत्या

पिता बोला खेत बेचकर पांच लाख से अधिक रुपये दे चुका है
इसके बाद भी और रुपयों की मांग कर, कर रहा था पुत्र को ब्लेकमेल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। खेत बेचकर पांच लाख रुपये देने के बाद और रुपयों की मांग कर प्रताडि़त व ब्लेकमेल करने से क्षुब्ध होकर मेरे युवा पुत्र ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। यह आरोप मृतक कौशल राजपूत के पिता ने लगाते हुए कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेहगढ़ को दिये गये प्रार्थना पत्र में शिवचरन राजपूत पुत्र जगराम राजपूत निवासी गोपालपुर थाना कमालगंज ने कहा है कि दिनेशचंद्र जाटव निवासी राजेपुर सरायमेंदा थाना कमालगंज जिला फर्रुखाबाद जो कि स्वराजवीर इंटर कालेज कमालगंज में पढ़ता है ने पीडि़त के पुत्र कौशल राजपूत से नेवी में नौकरी लगवाने के लिए आज से करीब एक वर्ष पूर्व पांच लाख रुपये लिये थे। जो कि पीडि़त ने खेत बेचकर दिये थे। जिसमें २ लाख रुपये खेत के बयाने के समय तथा ३ लाख रुपया खेत की बिक्री के समय वेदराम के साथ दिये थे। दिनेशचंद्र द्वारा उक्त रुपये लेने के बाद भी २० हजार रुपये की और मांग की गयी। जो कि पीडि़त द्वारा ओमवीर के साथ दिये गये। उसके बाद दिनेशचंद्र द्वारा पुन: १० हजार रुपये की मांगे गये, जो कि मोबाइल के द्वारा फोन-पे के माध्यम से डाले गये। उसके बाद दिनेशचंद्र द्वारा १० हजार रुपये और टिकट आदि के लिए लिये गये। उसके बाद भी दिनेशचंद्र पीडि़त के पुत्र कौशल राजपूत से और रुपयों की मांग लगातार कर रहे थे और पुत्र कौशल राजपूत को प्रताडि़त व ब्लेकमेल कर रहे थे। उसके बाद भी पुत्र की नौकरी के संबंध में सही बात नहीं बता रहे थे और लगातार तारीखें बढ़ा रहे थे। खेत बिक जाने और कर्जदार हो जाने के कारण पुत्र दिनेशचंद्र को लगातार फोन करता था, तो दिनेशचंद्र लगातार पुत्र से और पैसों की मांग कर ब्लेकमेल करता था। जिससे क्षुब्ध होकर मेरे पुत्र कौशल राजपूत ने दिनांक ९ जनवरी को ट्रेन से कटकर जान दे दी। पीडि़त ने दिनेशचंद्र के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *