गणेश भक्तों ने गाजे बाजे के साथ निकाली विसर्जन यात्रा

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। कस्बा व थाना अमृतपुर में भगवान गणेश के भक्तों ने धूमधाम से गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का आयोजन दारा सिंह गहरवार के द्वारा जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार सिंह चौहान के संरक्षण में किया गया।
यात्रा प्राचीन अस्तल ठाकुर द्वारा से प्रारम्भ हुई। जिसके बाद गलियों से गुजरते हुए फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग से गंगा घाट पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान भक्तों ने रंग गुलाल उड़ाया और भक्ति गीतों पर झूमते दिखे। भक्तों की भारी भीड़ होने के बाबजूद अनुशासन के चलते ट्रैफिक जैसी कोई समस्या नहीं दिखी। पूरी यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से सक्रिय रहा। भक्तों ने रास्ते में आने जाने वाले सभी लोगों को प्रसाद और फल वितरित किये। लगभग एक किलोमीटर लंबी यात्रा में बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं व बड़ी संख्या में युवक शामिल हुए। भक्तों ने रास्ते भर गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए। यात्रा के बाद भक्तों ने भगवान गणेश की मूर्ति को पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ गंगा जी में विसर्जित किया और भगवान गणेश से सभी के लिए सुख और शांति की प्रार्थना की। बता दें कि हिंदू धर्म में भगवान गणेश को प्रथम पूज्य देवता माना गया है। किसी भी शुभ और मांगलिक कार्यक्रम में सबसे पहले गणेश जी की वंदना और पूजा की जाती है। भगवान गणेश को बुद्धि, सुख समृद्धि और विवेक का दाता माना जाता है। गणपति की स्थापना करने से घर में कभी लक्ष्मी की कमी नहीं रहती और सुख समृद्धि आती है।

We

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *