समृद्धि न्यूज। एलपीजी गैस सिलेंडरों को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लोगों की सुविधा को ध्यान रखते हुए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने गैस सिलेंडरों के दाम एक बार फिर कटौती की है। इस बार कीमतें 51 रुपए तक कम कर दी गई हैं, हालांकि यह कटौती सिर्फ 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडरों में ही की गई है।
दरअसल ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत आज से 51.50 रुपए कम कर दी गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती से रेस्टोरेंट, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी, जो अपने दैनिक कार्यों के लिए 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर पर बहुत अधिक निर्भर हैं। कमर्शियल एलपीजी गैस की कीमतों में लगातार चौथे महीने कटौती की गई है। मई की शुरुआत में, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 14.50 रुपये की कटौती की थी। इससे पहले 1 अप्रैल को कीमतों में 41 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई थी।
वहीं घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मार्च में, भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की थी, जिसका कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा टैरिफ की घोषणा के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल बताया गया था। स्थानीय करों और परिवहन शुल्कों के कारण, विभिन्न राज्यों में रसोई गैस की कीमतें अलग-अलग होती हैं।
खुशखबरी! कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी कटौती, घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
