दिल्ली बम धमाके को सरकार ने माना आतंकी घटना, पास किया प्रस्ताव

समृद्धि न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लाल किले धमाके को आतंकी घटना माना है। कैबिनेट ने इसको लेकर प्रस्ताव भी पास कर दिया है। बैठक में जांच एजेंसियों को दोषियों की जल्द पहचान और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दिल्ली ब्लास्ट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक बुलाई। कैबिनेट ने दिल्ली ब्लास्ट की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया और जान गंवाने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। कैबिनेट ने कहा, देश ने 10 नवंबर को लाल किले के पास एक कार विस्फोट से राष्ट्रविरोधी ताकतों की ओर से अंजाम दी गई जघन्य आतंकवादी घटना देखी है। मंत्रिमंडल निर्देश देता है कि घटना की जांच अत्यंत तत्परता और पेशेवर तरीके से की जाए, ताकि अपराधियों, उनके सहयोगियों और उनके प्रायोजकों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके।

वहीं मंत्रिमंडल ने इस आतंकी हमले को कायराना और निंदनीय बताया और कहा कि भारत आतंकवाद के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर कायम रहेगा। सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और जांच में पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस0 जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एनएसए अजीत डोभाल शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *