दिल्ली- एनसीआर समेत आधा भारत भीषण गर्मी की चपेट में, 15 राज्यों में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश

समृद्धि न्यूज। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से आग बरस रही है और राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो देश में सर्वाधिक है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग आईएमडी ने भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन दो हफ्ते के ठहराव के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून के बृहस्पतिवार से फिर सक्रिय होने और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 जून की रात से उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चिलचिलाती धूप और ऊमस भरी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। बुधवार को विभिन्न मौसम केंद्रों पर तापमान 40.9 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। भारतीय मौसम विभाग आईएमडी ने दिल्ली में भीषण गर्मी के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। हीट इंडेक्स, जो यह मापता है कि नमी को शामिल करने पर कितनी गर्मी महसूस होती है, खतरनाक 51.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। आईएमडी के मुतबिक, बुधवार शाम 5.30 बजे आयानगर 45 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, इसके बाद पालम 44.5 डिग्री सेल्सियस, रिज 43.6 डिग्री, पीतमपुरा 43.5 डिग्री, लोदी रोड 43.4 डिग्री, मयूर विहार 40.9 डिग्री और सफदरजंग शहर के बेस स्टेशन में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार आज यानी गुरुवार को भी तापमान इसी सीमा में रहने की संभावना है, जबकि इसके एक दिन से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट की उम्मीद है।

देश में एक्टिव हो रहा है एक नया पश्चिमी विक्षोभ

भीषण गर्मी के बीच, मानसून के सक्रिय चरण में प्रवेश करने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसकी वजह से 13 जून से उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 13 और 14 जून को कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होगी। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 30.50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

16 जून तक आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

14-16 जून के दौरान गुजरात और 12-14 जून के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ झमाझम बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही 50.70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। अगले 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है और 12-13 तारीख के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 12-15 जून के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड में आंधी-तूफान आने की संभावना है। 14 और 15 जून को मध्य प्रदेश में 12-13 जून के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, 13 जून को बिहार में झमाझम बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *