हमीरपुर: सिपाही आशीष कुमार मौर्या के हाथ पैर बांध कर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। भीड़ ने सिपाही आशीष को बंधक बनाकर सिर पर जानलेवा हमला किया। वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को पकडऩे गए सिपाही व चौकीदार को मारपीट करने वाले युवकों ने पहले तो पथराव किया फिर सिपाही के हाथ रस्सी से बांधकर उसे बंधक बनाकर लाठी डंडों जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला भी कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।
कुरारा थानाक्षेत्र के उमराहट गांव में मंगलवार शाम करीब 7:40 बजे विवाद शांत कराने गई पुलिस पर एक पक्ष ने हमला कर दिया। भीड़ ने सिपाही को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। सिर में गंभीर चोट आने पर सिपाही को सीएचसी कुरारा से जिला अस्पताल और फिर कानपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, दरोगा की कार की हल्की टक्कर में आरोपी पक्ष के दो युवक भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। एसपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि उमराहट गांव के चौकीदार फूल सिंह निषाद के बेटे और पड़ोस में रहने वाले लाखन निषाद के बेटों के बीच नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने चौकीदार की पत्नी से मारपीट की। शिकायत पर मनकी पुलिस चौकी के सिपाही आशीष कुमार मौर्या गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान आरोपी पक्ष के एक युवक ने नशे की हालत में बेहोशी का नाटक किया, जिसके बाद उसके परिजन आक्रोशित हो उठे और सिपाही को घेरकर पकड़ लिया, उसे रस्सी से बांध दिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ आए चौकीदार ने किसी तरह भागकर चौकी इंचार्ज को सूचना दी। चौकी इंचार्ज राजेंद्र प्रसाद कार से गांव पहुंचे, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उन्हें भी घेरने का प्रयास किया। भीड़ से बचते हुए उन्होंने कार आगे बढ़ाई, इसी दौरान योगेश और मुकेश नाम के दो युवक कार की हल्की चपेट में आ गए। दोनों की स्थिति सामान्य है और उनका उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। सिपाही की हालत बिगडऩे पर उसे रात में ही कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने देर रात गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर एएसपी मनोज कुमार गुप्ता व सीओ सदर राजेश कमल भी गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस संबंध में एसपी डा0 दीक्षा शर्मा ने बताया कि महिला के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस आरोपितों को पकडऩे गई थी। तभी सिपाही के साथ मारपीट की गई है। मामले की जांच की जा रही है। सिपाही को कानपुर रेफर कर दिया गया है।
हमीरपुर: दबंगों ने सिपाही को बंधकर लाठी-डंडों से मारापीटा, हालत गंभीर रेफर
