होममेड अगरबत्ती मेकिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन

 विधायक भोजपुर ने प्रतिभागियों को वितरित किये प्रमाण पत्र
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को बेसिक्स ऑफ़ होममेड अगरबत्ती मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। मुख्य अतिथि भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक ओमेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विधायक ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएँ आज आत्मनिर्भरता और प्रगति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और घरेलू उद्योग स्थापित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अगरबत्ती निर्माण की मूल तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें स्व-रोजगार के लिए सक्षम बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण एवं बाज़ार में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। संचालन संकाय सदस्य दिव्यांशु मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सहायक सोमेश शर्मा ने बताया कि संस्थान जल्द ही डेयरी फार्मिंग, सेल फोन रिपेयिरिंग एवं सॉफ्ट टॉय मेकिंग के नए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। ये सभी प्रशिक्षण पूर्णत: नि:शुल्क होंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण हेतु पंजीकरण प्रारंभ हो चुके हैं और इच्छुक ग्रामीण युवा फतेहगढ़ स्थित संस्थान के कार्यालय में पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। प्रतिभागी महिलाओं ने संस्थान एवं मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास में वृद्धि की है और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा मिली है। बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी महिलाओं एवं युवाओं के कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए ऐसे उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *