हिन्दी पखवाड़ा के तहत हुआ कार्यक्रम
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा के उपलक्ष्य में महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ में काव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि डॉ0 शिवोम अम्बर ने की। कवि डॉ0 गरिमा पांडे लेखनी, महेश पाल सिंह उपकारी, निमिष टंडन, वैभव सोमवंशी तथा स्मृति अग्निहोत्री ने अपनी प्रभावशाली कविताओं का पाठ किया। कविताओं के माध्यम से जहां देशभक्ति की भावना जाग्रत हुई। वहीं सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों की झलक भी दिखाई दी।
कार्यक्रम में निबंध एवं कविता पाठ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्राओं में नव्या कनौजिया, अजरा मैवेश, रिया शाक्य, माही, निधि आदि रहीं। प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने आए हुए कवियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजनों से छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है तथा हिंदी भाषा के प्रति गहरी रुचि और सम्मान की भावना जाग्रत होती है। विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने इस साहित्यिक आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेकर इसे सफल बनाया। डॉ0 शिवोम अम्बर ने साहित्य और कविता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश दिया। प्रवक्ता ऋचा तिवारी, आदेश गंगवार, सर्वेश शाक्य, अर्चना गुप्ता, दिव्यांशी गौतम आदि उपस्थित रहीं।
काव्य संगोष्ठी में विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
