समाजसेवी लक्ष्मीनारायण अग्रवाल व पुखराज डागा ने वितरण किया प्रसाद
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। धार्मिक नगरी कंपिल स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में सोमवार को ब्रह्मलीन स्वामी त्यागी जी महाराज की 26वीं पुण्यतिथि पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें साधु-संत व श्रद्धालुओं का समागम देखने को मिला।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अनुज शत्रुघ्न द्वारा स्थापित शिवलिंग के कारण भक्तजनों में विशेष मान्यता रखने वाले रामेश्वर नाथ मंदिर में टापर वाले स्वामी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर महंत आनंद गिरि महाराज की देखरेख में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारा दोपहर करीब 12 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलता रहा। जिसमें जनपद समेत दूरदराज से आए साधु-संतों व श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन कीर्तन होता रहा। इससे वातावरण भक्तिमय हो गया। देर रात तक चले भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सेवाभाव लिए आसपास के ग्रामीण और टॉपर वाले स्वामी जी के शिष्य बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इस दौरान समाजसेवी लक्ष्मीनारायन अग्रवाल, पुखराज डागा, ऋषभ गुप्ता, सुरेन्द्र सैनी, अवधेश बाथम, गोपाल तिवारी सहित अन्य भक्तगण मौजूद रहे। भण्डारे में आये भक्तों को समाजसेवी लक्ष्मीनारायण अग्रवाल व पुखराज डागा ने प्रसाद बांटा।
त्यागीजी महाराज की पुण्यतिथि पर हुआ विशाल भण्डारा
