फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पुत्र की गाली-गलौज से आहत होकर बीमार वृद्ध ने पुल से गंगा में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष कादरीगेट ने गोताखोरों को बुलवाकर वृद्ध को निकलवाकर अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम पचपुखरा निवासी वृद्ध जवाहरलाल पुत्र श्रीराम जाटव उम्र 65 वर्ष बीमार रहता है। बीमार वृद्ध का दूसरे नंबर का पुत्र आए दिन वृद्ध के साथ गाली-गलौज करता है। बीमार वृद्ध के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुत्र की गाली-गलौज से परेशान वृद्ध जवाहर सुबह घर से निकालकर ई-रिक्शा द्वारा पांचाल घाट पर पहुंचा। जिसके बाद इटावा-बरेली हाईवे पर बने गंगा पुल से उसने गंगा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद कादरीगेट थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने गोताखोरों से तत्काल बाहर निकलवाया। थानाध्यक्ष ने आनन-फानन में वृद्ध को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां वृद्ध की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुत्र के गाली-गलौज से आहत वृद्ध ने गंगा में लगायी छलांग
