दहेज की खातिर पत्नी की हत्या कर पति परिजनों के साथ फरार

पिता ने आरोप लगाते हुए दी तहरीर, मांग रहे थे दस लाख
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को फांसी लगाकर मार दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं मौके से मृतका पति व देवर फरार हो गये। मृतका के पिता ने पति सहित अन्य ससुरालियों पर पुत्री की हत्या किये जाने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहम्मदाबाद के ग्राम सकवाई निवासी २८ वर्षीय अर्चना पत्नी रवी प्रताप का बीती रात फांसी पर शव लटका मिला। सूचना पर मृतका के पिता मुकेश कुमार निवासी भिंतर थाना हसायन जनपद हाथरस अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गये और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में दर्शाया कि पुत्री अर्चना का विवाह २३ नवम्बर २०१७ को रवी प्रताप पुत्र धर्मेन्द्र के साथ किया था। मेरे कोई पुत्र नहीं है। इसलिए शादी के कुछ दिन बाद से ही पति रवी व सास मधू, देवर राहुल, देवरानी कंचन पुत्री से १० लाख रुपये अतिरिक्त दहेज में लाने का दबाव बनाने लगे और मना करने पर मारपीट करते थे तथा जान से मारने की धमकी देते थे। सात-आठ दिन पूर्व पुत्री घर आयी और बताया कि ससुरालियों ने पैसे लेने के भेजा है और मुझे बहुत मारा पीटा है धमकी दी कि अगर पैसे लेकर नहीं आयी तो अबकी बार जान से मार देंगे। जिसके बाद उसे समझाकर ससुराल भेज दिया था। दो दिन पूर्व पुत्री ने फोन कर कहा था कि ससुरालीजन फांसी लगाकर मार डालने की कहते है। २८ नवम्बर की रात्रि ११ बजे दामाद रवी ने फोन कर सूचना दी कि तुम्हारी पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब पुत्री की ससुराल पहुंचे तो उसका शव जमीन पर पड़ा था मौके से रवी व उसका भाई फरार था। मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *