पति ने पत्नी को हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट

पति ने खुद पुलिस बुलाई, बच्चे बोले- पापा ने मम्मी को मारा

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पति ने हथौड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद पति ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह फरार हो गया। बच्चों ने पहुंची पुलिस को बताया कि पापा ने हम लोगों के सामने मम्मी को मार डाला। मायके वालों ने दहेज के पीछे बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने दो देवर-ननद, पति और सास-ससुर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के लालताखेड़ा गांव निवासी राजेश पुत्र कमलेश का विवाह 2018 में असीवन थाना क्षेत्र के अजमतनगर के रामकुमार की बेटी सीमा (28) हुआ था। उसके दो बेटों में एक 5 और दूसरा 4 साल का है। बेटी की ससुराल में पति राजेश, सास-ससुर कमलेश के अलावा एक ननद उर्मिला और दो देवर गोविंद और बबलू हैं।

ससुर कमलेश खेती-किसानी का काम करता है, जबकि राजेश मजदूरी करता है। मृतका के पिता कमलेश ने बताया कि बेटी सीमा की शादी के समय तय दहेज दिया गया था, लेकिन ये लोग तभी से बेटी को प्रताड़ित करते थे। आए दिन मायके से रुपए लाने की मांग करते थे। राजेश शराब पीकर घर पहुंचता और बेटी से मारपीट करता था।
बेटी ने मायके में कई बार शिकायत की तो हम लोगों ने समझा दिया। बीती रात घर वालों ने बेटी के साथ विवाद किया। रात में सभी लोग सो गए। आज सुबह इन लोगों ने हथौड़े से बेटी के सिर पर वार कर दिया। जिससे वह बेहोश होकर गिर गई तो ये लोग अस्पताल ले जाने की जगह उसे छोड़कर फरार हो गए। पति राजेश ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। हम लोग जब पहुंचे तो बेटी का शव बरामदे में पड़ा था। पुलिस के पहुंचने से पहले राजेश मौके से फरार हो गया। बच्चों से पूछा तो उन्होंने बताया कि पापा और बाकी लोगों ने मम्मी को मारा था, जिससे उनकी मौत हुई है। 5 साल के मासूम बेटे ने बताया कि घर पर झगड़ा हुआ था। पापा ने मम्मी को हथौड़े से मारा था।

घर वालों ने कार्रवाई की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा किया। परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। सास-ससुर को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने काफी देर तक समझाया तो घर वाले शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने को तैयार हुए । घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर सीओ सिटी दीपक यादव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह मामला घरेलू विवाद में हत्या का लग रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीमा का अपने सास-ससुर से अक्सर विवाद होता रहता था, जिससे परिवार में तनाव बना हुआ था। सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सीओ के आश्वासन पर घर वाले माने और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *