समृद्धि न्यूज। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात में 5400 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि गुजरात की धरती दो मोहन की धरती है। एक सुदर्शन चक्र धारी द्वारिकाधीश और दूसरे चरखाधारी मोहन, हमारे महात्मा गांधी। भारत इन दोनों के दिखाए रास्ते पर चलकर सशक्त होता जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में 5400 करोड़ रुपये की लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित करते हुए कहा कि मैं हर किसी के लिए बार-बार वादा करता हूं कि मोदी के लिए आपका हित सर्वोपरि है, मेरी सरकार लघु उद्यमियों का, किसानों का, पशुपालकों का कभी भी अहित नहीं होने देगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय पूरे देश में गणेश उत्सव की अद्भुत धूम है। गणपति बप्पा के आशीर्वाद से, आज गुजरात के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी उद्घाटन हुआ है। आज मुझे देशवासियों को अनेक विकास परियोजनाएं समर्पित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि मानसून में गुजरात में कई इलाकों में भारी बारिश हुई। देश में भी एक के बाद एक आपदाएं आ रही हैं। मैं सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रकृति का यह प्रकोप पूरे देश, विश्व के लिए चुनौती बना है। केंद्र सरकार राज्यों के साथ राहत, बचाव कार्य में जुटी है।
पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात की ये धरती, दो मोहन की धरती है। एक सुदर्शन चक्रधारी मोहन यानी हमारे द्वारकाधीश श्रीकृष्ण और दूसरे चरखाधारी मोहन यानी साबरमती के संत बापू, भारत आज सुदर्शन चक्रधारी मोहन और चरखाधारी मोहन के दिखाए रास्ते पर चलकर निरंतर सशक्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि चरखाधारी मोहन यानी हमारे बापू ने भारत की समृद्धि का रास्ता स्वदेशी में बताया था। जिस पार्टी ने उनका नाम लेकर दशकों तक सत्ता सुख भोगते रहे, उसने बापू की आत्मा को कुचल दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आज आतंकवादी और उनके आकाओं को हम छोड़ते नहीं हैं। चाहे वे कहीं भी छिपे हैं। पहलगाम का हमले का बदला हमने कैसे लिया दुनिया ने देखा है। 22 मिनट में सब साफ कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना के शौर्य और सुदर्शन चक्र धारी मोहन की इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज हर प्रकार की इंडस्ट्री का यहां विस्तार गुजरात की धरती पर हो रहा है। पूरा गुजरात ये देखकर गर्व करता है कि कैसे हमारा राज्य मैन्युफैक्चरिंग हब बन गया है। देश और दुनिया की बड़ी बड़ी कंपनियां यहां फैक्ट्रियां लगा रही हैं। अब इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग का भी गुजरात बहुत बड़ा सेंटर बन रहा है।
गुजरात में पीएम मोदी ने 5400 करोड़ रुपये की योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास, बोले-आपका हित सर्वोपरि
