समृद्धि न्यूज। उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत तक में बदलते मौसम का कहर देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान, हिमपात, ओलावृष्टि, गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश हो रही है। कुछ क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप भी बना हुआ है। वहीं, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी से हुई है। बंगलूरू में सडक़ों पर पानी भर गया, कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है और राहत व बचाव के लिए महनगर में नावें उतारनी पड़ी हैं। विभिन्न राज्यों में आंधी-तूफान और वर्षा जनित घटनाओं में 11 लोगों की मौत भी हो गई और कई घायल हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली एनसीआर में बीते दो दिनों से गर्मी ने लोगों का बेहाल कर दिया। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि हवाओं का रूख बदलने से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। आज यहां तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। उधर, हरियाणा-पंजाब, यूपी-बिहार, एमपी-राजस्थान, झारखंड और गुजरात के अलावा आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग के दिल्ली केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मई महीने में सोमवार को सबसे गर्म दिन रहा। दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। हालांकि मंगलवार की सुबह से ही पूर्वी हवाएं चलनी शुरू हुई है।् इससे वातावरण में नमी आई है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली है, लेकिन उमस बढ़ गया है। तापमान में भी हल्की गिरावट हुई है। मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र के मुताबिक रविवार को दिल्ली में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, रायलसीमा और लक्षद्वीप में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसी प्रकार आंतरिक तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना के कुछ हिस्सो, पूर्वी बिहार, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, पूर्वी गुजरात, दक्षिण.पूर्वी राजस्थान,पश्चिम मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं।