समृद्धि न्यूज। रायबरेली में मीटिंग के दौरान राहुल गांधी और दिनेश प्रताप सिंह भिड़ गए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जबरदस्त बहस हुई। अमेठी के सांसद केएल शर्मा भी इस दौरान मौजूद रहे।
यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रायबरेली में दिशा (जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति) की बैठक में कहासुनी हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंत्री ने बाहर आकर बताया कि वो (राहुल गांधी) अलग-अलग मुद्दों को लेकर चर्चा करना चाहते थे। इस पर मैंने कहा कि दिशा के जो नियम हैं चर्चा उसके तहत ही होगी।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के अनुसार, राहुल कह रहे थे कि वो दिशा के अध्यक्ष हैं जिस पर मैंने जवाब दिया कि अगर मुद्दे पर बात करेंगे और परिधि में रहेंगे तो ही अध्यक्ष हैं। दिशा के जो 43 कार्यक्रम हैं। बैठक में उन्हीं पर चर्चा होगी। उसके बाहर चर्चा नहीं होगी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंत्री ने अपने बयान में राहुल गांधी व किशोरीलाल शर्मा के नाम के साथ जी लगाया और कहा कि हम सब मिलकर जिले के विकास के लिए काम कर रहे हैं। इसमें जिले के अधिकारियों की बेहतर भूमिका है। दिशा की बैठक में जिन कार्यों की प्रगति धीमी पाई गई, उनमें तेजी लाने की बात कही गई। बुधवार को राज्यमंत्री ने राहुल गांधी का न सिर्फ काफिला रोक दिया था, बल्कि उनकी दादी व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को चोर बताया था।
बैठक में दिशा के कार्य क्षेत्र को लेकर चर्चा चल रही थी। इस दौरान राहुल गांधी ने एक मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुझे पहले से पूछना चाहिए था। इसी पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने आपत्ति जताई और कहा कि आप अध्यक्ष जरूर हैं, लेकिन मैं आपकी हर बात मानने के लिए बाध्य नहीं हूं। आप तो खुद स्पीकर की बात भी नहीं मानते। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच गर्मागर्म बहस शुरू हो गई। बैठक में मौजूद अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी हैरान रह गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिनेश प्रताप सिंह 2018 तक कांग्रेस पार्टी का हिस्सा थे। उन्हें दो बार 2010 और 2016 में यूपी विधान परिषद के सदस्य के रूप में भी चुना गया था। हालांकि, 2017 में यूपी में बीजेपी की सरकार बनी और 2018 में दिनेश प्रताप सिंह ने पाला बदल लिया। 2019 में उन्होंने सोनिया गांधी के खिलाफ रायबरेली से लोकसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2024 में इसी सीट पर उन्हें राहुल गांधी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।
रायबरेली: बैठक में राहुल गांधी और यूपी सरकार के मंत्री के बीच कहासुनी
