ईरान और इजरायल के बीच युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं और दोनों ही तरफ से तैयारी पूरी है
ईरानी खतरे को देखते हुए अमेरिका ने अपने युद्धपोतों को भी खाड़ी देशों में अलर्ट कर दिया है
ईरान और इजरायल के बीच युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं। अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने दावा किया है कि ईरान अपनी मिसाइलों और विस्फोटक से लैस ड्रोन को हमले के लिए तैयार कर रहा है। वहीं ईरानी खतरे को देखते हुए अमेरिका ने अपने युद्धपोतों को भी खाड़ी देशों में अलर्ट कर दिया है। इस बीच इजरायल ने भी पूरे देश में अलर्ट जारी किया है। इस युद्ध के खतरे को देखते हुए भारत ने भी ईरान और इजरायल में रह रहे या काम कर रहे अपने नागरिकों को अलर्ट किया है और इन दोनों ही देशों में नहीं जाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। विश्लेषकों का कहना है कि इजरायल में करीब 18 हजार और ईरान में 4 हजार भारतीय रहते हैं और अगर युद्ध शुरू होता है तो इनको निकालना बहुत बड़ी चुनौती होगा। इजरायल में हजारों की तादाद में भारतीय जाने की तैयारी कर रहे हैं। इजरायल करीब 1 लाख भारतीय कामगार चाहता है ताकि फलस्तीनी लोगों की जगह भरी जा सके। इसके लिए भारत और इजरायल की सरकार ने हजारों की तादाद में भारतीयों की भर्ती की है। ऐसे में भारत की ओर से इजरायल नहीं जाने की यह एडवाइजरी जारी किया जाना इन भारतीयों के लिए बड़ा झटका है। इजरायल और ईरान के बीच गाजा युद्ध को लेकर तनाव पहले से ही भड़का हुआ है लेकिन सीरिया में ईरानी महावाणिज्य दूतावास में सैन्य कमांडर की हत्या के बाद यह चरम पर पहुंच गया है।
इजरायल और ईरान में भीषण युद्ध का खतरा, भारत ने जारी की एडवाइजरी
