भारतीय हॉकी टीम ने 52 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को दी मात

भारत ने पेरिस ओलंपिक-2024 के मैच में दमदार खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलियाई टीम को 3-2 से मात दी। टीम इंडिया की ये जीत ऐतिहासिक है क्योंकि भारत ने 1972 के बाद से पहली बार ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक में हराया है। टीम इंडिया ने 52 साल के इस सूखे को खत्म कर दिया। इससे पहले भारत ने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से मात दी थी।

टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश को खुशियां देने वाली भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में भी मेडल की उम्मीदों को बढ़ा दिया है. पूल स्टेज में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही कोच क्रेग फुल्टन और कप्तान हरमनप्रीत सिंह की टीम ने अभी तक का सबसे बेहतरीन नतीजा हासिल करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराकर सनसनी फैला दी. पूल स्टेज के अपने आखिरी मैच में भारतीय टीम ने टोक्यो ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट ऑस्ट्रेलिया को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हरा दिया. इसके साथ ही भारत ने 52 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक में शिकस्त देकर इतिहास रच दिया.इन ओलंपिक में भारतीय टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने डिफेंस की अपनी ड्यूटी संभालने के साथ ही लगातार पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक्स से गोल दागकर टीम को जीत दिलाते रहे. यही कमाल उन्होंने उस ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ भी किया, जिसने पिछले कई सालों में ओलंपिक, वर्ल्ड कप और कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम इंडिया को बहुत दर्द दिया था. आखिरकार 1972 के बाद पहली बार टीम इंडिया ने ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया से अपनी कई हारों का बदला ले ही लिया

भारत ने दी ऑस्ट्रेलिया को मात

शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने पहले क्वार्टर के 12वें मिनट में गोल किया और भारत ने 1-0 से बढ़त बनाई। हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर में 13वें मिनट में गोल कर दिया। इसी के साथ भारत 2-0 से आगे हो गया। दूसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया का खाता खुला। 25वें मिनट में क्रैग थॉमस ने गोल किया और टीम का स्कोर 2-1 हो गया। 26वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे हरमनप्रीत सिंह ने बचाया। हाफ टाइम तक भारत 2-1 की बढ़त के साथ आगे था। तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने 32वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक में गोल किया। इसी के साथ भारत 3-1 से आगे हो गया। तीन क्वार्टर के बाद भारत ने 3-1 से ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त बनाए रखी। चौथे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया के लिए ब्लैक गोवर्स ने 55वें मिनट में गोल किया और ऑस्ट्रेलिया को 3-2 की बढ़त दिलाई। इसी के साथ भारत ने जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

1972 से ओलंपिक में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया

1972 – भारत 3-1 ऑस्ट्रेलिया
1976 – भारत 1-6 ऑस्ट्रेलिया
1976 (प्लेऑफ) – भारत 1-1 (4-5 शूटआउट)
1984 – भारत 2-4 ऑस्ट्रेलिया
1992 – भारत 0-1 ऑस्ट्रेलिया
2000 – भारत 2-2 ऑस्ट्रेलिया
2004 – भारत 3-4 ऑस्ट्रेलिया
2020 – भारत 1-7 ऑस्ट्रेलिया
2024 – भारत 3-2 ऑस्ट्रेलिया

पहले क्वार्टर में ही बढ़त

एक दिन पहले ही बेल्जियम के खिलाफ कड़े मुकाबले में 1-2 से हारने के बाद टीम इंडिया के सामने अपने ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया की मुश्किल चुनौती थी. ऑस्ट्रेलिया ही इस मैच में जीत की दावेदार मानी जा रही थी, लेकिन टीम इंडिया ने पहले क्वार्टर से ही फ्रंट फुट पर खेलना शुरू किया और दो मिनट के अंदर दो गोल दागकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली. इसने हर किसी को हैरान कर दिया. टीम के लिए 12वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल दागा और फिर अगले ही मिनट कप्तान हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर को भी गोल में बदल दिया. ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त लेने के बाद भी टीम इंडिया आराम की स्थिति में नहीं आ सकती थी और भारतीय खिलाड़ियों ने इसका ध्यान रखते हुए ऑस्ट्रेलिया की कोशिशों को नाकाम किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *