उद्योग व्यापार मण्डल ने आश्वासन मिलने के बाद खत्म किया क्रमिक अनशन

 पूर्व एमएलसी व विद्युत विभाग के जेई ने धरना स्थल पर पहुंचकर लिखित दिया आश्वासन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल ने रेलवे रोड के सुंदरीकरण को लेकर क्रमिक अनशन करने का ऐलान किया था। रविवार को व्यापार मण्डल के पदाधिकारी नगर पालिका व विद्युत विभाग के खिलाफ अनशन पर बैठ गये और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार चौक पर अनशन पर बैठेव्यापारियों के पास पहुंचे और नगर पालिका की कार्रवाई के कागजात दिखाते हुए जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला को बताया कि रेलवे रोड के निर्माण के लिए शीघ्र ही टेंडर होने वाला है। अभी तक बिजली विभाग ने रेलवे रोड पर पोल लगाकर बंच केबिल नहीं डाली है। जिस पर जिलाध्यक्ष ने चेयरमैन वत्सला अग्रवाल को बुलाने की मांग करने लगे। जिसके बाद नगर पालिका चेयरमैन वत्सला अग्रवाल के पति पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल धरना स्थल पर पर पहुंचे और उन्होंने आश्वासन देकर व्यापारियों का क्रमिक अनशन खत्म करवाया। मनोज अग्रवाल ने बताया कि रेलवे रोड के निर्माण के लिए बनाई गई ड्राइंग में सडक़ की ऊंचाई 1 फीट ऊंची दर्शायी गई थी। ऊंची सडक़ बनने पर व्यापारियों एवं अन्य निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता। इसलिए नगर पालिका ने ड्राइंग पर आपत्ति जताई। दोबारा ड्राइंग बनवाई गई जिसमें सडक़ खोदकर पूर्व के लेवल पर ही बनाई जाएगी। टेंडर पडऩे में एक सप्ताह 10 दिन का समय लग सकता है। 5 दिसंबर तक शादी समारोह के कार्यक्रम है। उन्होंने 5 दिसंबर के बाद रेलवे रोड का निर्माण का शुरु करवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद मनोज अग्रवाल ने व्यापारियों को जूस पिलवाकर मिठाई खिलवाई। तब जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने घोषणा की कि नगर पालिका के खिलाफ किया जा रहा आंदोलन खत्म किया जाता है।

विद्युत विभाग के जेई के आश्वासन के बाद शांत हुए व्यापारी

फर्रुखाबाद। वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल विद्युत विभाग के खिलान धरना जारी रखा। कुछ देर बाद विद्युत विभाग के जेई अजय बाबू भी धरना स्थल पर पहुंच गये और उन्होंने व्यापारियों को एक सप्ताह में नई लाइन चालू करवाकर पुराने पोलों को हटाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद व्यापारी अधिशाषी अभियंता को बुलाने की मांग करने लगे। जेई अजय बाबू ने बताया कि अधिशासी अभियंता जिले के बाहर है। अधिशासी अभियंता की ओर से नगर पालिका के ईओ को लिखे गए पत्र की कॉपी जिलाध्यक्ष को सौंपी। लिखे गए पत्र में नगरीय अधिशासी अभियंता ने कहा है मै0 अनुराग मिश्रा कांट्रैक्टर एण्ड सप्लायर्स ने पत्र संख्या 209 दिनांक 29 नवम्बर द्वारा अवगत कराया है कि रेलवे स्टेशन तक के पोलों को विस्थापित किये जाने हेतु नयी एल0टी0 लाइन का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। एवं एच0टी0 लाइन निर्माण भी अंतिम चरण में है। पूर्व स्थापित पोलों को हटाने एवं परिवर्तकों को विस्थापित किये जाने का कार्य शेष है। जिसे समय से विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से चालू करले को दृष्टिगत रखते हुए हर सम्भव आगामी 7 से 8 दिवसों में पूर्ण कर लिया जायेगा। जिसके बाद जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने धरना स्थल के सामने नये विद्युत ट्रांसफार्मर रखवाने के लिए बनाये गये फाउंडेशन को हटाने को कहा। जिस पर जेई ने ठेकेदार से बात कर फांडेशन को हटवाने की बात कही। जिसके बाद सभी व्यापारियों ने अनशन समाप्त कर दिया। धरने के दौरान सोनी शुक्ला, राजू गौतम, सभासद अतुल शंकर दुबे, आत्माराम डावानी, अनुपम रस्तोगी, मुन्ना गुप्ता, राकेश सक्सेना, अंकुर श्रीवास्तव, दिनेश मिश्रा, भईयन मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *