सडक़ सुरक्षा माह के तहत छात्रों को दी गयी यातायात के नियमों की जानकारी

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सडक़ सुरक्षा माह के तहत ट्रैफिक विभाग की तरफ से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। ट्रैफिक पुलिस के एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि सडक़ दुर्घटना रोकने में स्कूली बच्चों की भूमिका अहम है। उन्होंने बच्चों से जिम्मेदार बनने और समाज में सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने का भी आह्वान किया।नवंबर माह को यातायात विभाग के द्वारा ट्रैफिक माह के रूप में मनाया जाता है। इसके तहत तमाम तरह के जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाता है। इसी के अंतर्गत सोमवार को ट्रैफिक पुलिस के दरोगा प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ जे0एस0एम0 पब्लिक स्कूल कमालगंज पहुंचे। यहां प्रार्थना सभा के बाद छात्र-छात्राओं को सडक़ पर बने संकेतकों के बारे में समझाया। ट्रैफिक लाइटों के अर्थ और उनके अनुपालन के संबंध में हिदायत दी गई कि लाल, पीली और हरी बत्ती का सीधा अर्थ है कि ठहरें, इंतजार करें फिर चलें। छात्र-छात्राओं को इस बात के लिए प्रेरित किया कि वह अपने अभिभावकों को नियमों के उल्लंघन पर तुरंत टोंक दें। ऐसा करने पर ही सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। यातायात प्रभारी ने कहा कि यातायात के नियमों का सभी को पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस के गाड़ी न चलाएं और न ही चलाने दें। स्कूल के प्रधानाचार्य बृजेंद्र प्रताप सिंह ने ट्रैफिक पुलिस की टीम को छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के कारण धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही आमिर खान, सुनील कुमार एवं स्कूल के समस्त शिक्षक शिक्षाकाएं व विद्यार्थीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *