बाल विवाह व भिक्षावृत्ति आदि रोकने के प्रति किया गया जागरुक
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विकास खण्ड राजेपुर में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत गठित ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में ब्लॉक स्तर पर बच्चों के संरक्षण और भागीदारी के अधिकार एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराए जाने हेतु बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल यौन शोषण, बाल ट्रैफिकिंग आदि की रोकथाम पर चर्चा की गई। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य द्वारा सभी को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत शपथ भी दिलाई गई और कहा कि सरकार द्वारा बाल हित में चलाई जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक अवश्य दिलाया जाए। ब्लॉक प्रमुख डॉ0 पल्लव सोमवंशी ने कहा कि हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि किसी भी प्रकार से बच्चों के साथ अपराध न हो। सभी लोग मिलजुलकर बाल संरक्षण के लिए कार्य करें। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक लाभार्थियों के आवेदन कराने के लिए कहा और कहा कि ग्राम बाल कल्याण संरक्षण समिति की बैठक नियमित सम्पन्न कराई जाए। बाल संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारीगणों को महिला कल्याण विभाग के द्वारा बच्चों के संरक्षण एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित योजनाएं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य, स्पॉन्सरशिप योजना, दत्तक ग्रहण, चाइल्ड हेल्पलाइन आदि के संबंध में जानकारी प्रदान कर ग्रामीण समुदाय में कठिन परिस्थितियों में रह रहे बच्चों को चिन्हित करने हेतु कहा गया। खंड विकास अधिकारी एस0के0 जायसवाल ने बच्चों की ट्रैफिकिंग के सम्बन्ध में सतर्कता बरतने पर जोर दिया। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजीत पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी नवीन चंद्र, खंड चिकित्साधिकारी डॉ0 आरिफ सिद्दीकी, आंकड़ा विश्लेषक सुनील वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता अखलेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
वात्सल्य योजना के अन्तर्गत बैठक में दी गई जानकारियां
