समृद्धि न्यूज। ईरान और इजराइल के बीच शुक्रवार सुबह से ही संघर्ष जारी है, दूसरे दिन यानी शनिवार को भी इजराइल की तरफ से एयर स्ट्राइक की गई। इस बार भी ईजराइल ने परमाणु ठिकानों को ही निशाना बनाया। इजराइल ने इसे ऑपरेशन राइजिंग लायन नाम दिया है। दूसरी तरफ इन हमलों का जवाब ईरान की तरफ से भी दिया जा रहा है। हमले के जवाब में ईरान ने शुक्रवार रात टू्र प्रॉमिस-3 सैन्य ऑपरेशन शुरू किया है। इसके तहत ईरान ने इजराइल पर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। भारत दोनों ही देशों से शांति की अपील कर रहा है। इस बीच भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर का बयान भी सामने आया है। ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि द्विपक्षीय मुद्दों में तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप अव्यावहारिक है। अगर दो देश किसी मुद्दे में हस्तक्षेप स्वीकार करने के लिए तैयार न हों, तो किसी तीसरे पक्ष का खुद को उसमें शामिल करना या कुछ करने की पेशकश करना गलत है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत क्या कर सकता है, हमारे देश के इजराइल और ईरान दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं। कई अन्य देशों की तरह हमने भी एक बयान जारी किया है लेकिन मैं आपको यह बताना चाहता हूं कि न सिर्फ इसमें, बल्कि किसी भी स्थिति में दोनों पक्षों को अपना मन बनाना जरूरी होता है।
