कंपिल, समृद्धि न्यूज। जैनमुनि सूरीश्वर महाराज सोमवार को स्वामी विमलनाथ की नगरी कंपिल पहुंचे। समाजसेवी व व्यापारी पुखराज डागा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने उनकी आरती भी उतारी।
अयोध्या से निकलने के रास्ते के सभी धार्मिक स्थलों की पद यात्रा करते हुए सूरीश्वर महाराज सोमवार सुबह कंपिल पहुंचे। यहां विमालयतन ट्रस्ट के महामंत्री पुखराज डागा ने अन्य श्रद्धालुओं के साथ महाराज का स्वागत किया। प्रथम बार तीर्थंनगरी कंपिल में आगमन होने से जैन समाज के लोगों में भारी उत्साह है। गुरुजनों के स्वागत और दर्शन के लिए दिल्ली, आगरा, मेरठ, लुधियाना, लखनऊ, मुंबई, कानपुर, मुरादाबाद आदि अनेक शहरों से श्रद्धालु भी पहुंचे। मुनि मोक्षानंद विजय महाराज ने बताया कि जैनाचार्य ने 50 वर्षों के साधु जीवन में पूरे देश में करीब पौने दो लाख किलो मीटर की पद यात्रा की है। जैनाचार्य की प्रेरणा से करीब 250 से ज्यादा प्राचीन और अर्वाचीन तीर्थों मंदिरों के जीर्णोद्धार और नवनिर्माण करवाकर प्राण प्रतिष्ठाएं सम्पन्न हुई हैं। जैनमुनि रात्रि विश्राम कंपिल के शाकुंतलम अतिथिगृह में करेंगे। इसके बाद मंगलवार को 11 बजे अपने मुखारबिंदु से श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। फिर वह आगे की यात्रा पर निकल जाएगें।
जैनमुनि सूरीश्वर महाराज का कंपिल नगरी में हुआ भव्य स्वागत
