जापान-रूस को पछाड़ एशिया की तीसरी बड़ी ताकत बना भारत, मेजर पावर बना भारत

समृद्धि न्यूज। लोवी इंस्टिट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स में भारत तीसरे स्थान पर पहुंचकर मेजर पावर बन गया है। एशिया पावर इंडेक्स 2025 में भारत को तीसरी सबसे बड़ी ताकत माना गया है। आस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा जारी इस सूची में भारत ने जापान और रूस जैसे देशों को पीछे छोड़ा है। अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर हैं। भारत की आर्थिक और सैन्य क्षमता में सुधार हुआ है, जिससे उसे मेजर पावर का दर्जा मिला है। पाकिस्तान 16वें स्थान पर है। एशिया की ताकत का आकलन करने वाले लोवी इंस्टिट्यूट के ताजा एशिया पावर इंडेक्स में भारत ने बड़ी छलांग लगाई है। रिपोर्ट के अनुसार भारत अब मेजर पावर कैटेगरी में पहुंच चुका है और उसने तीसरा स्थान हासिल किया है। यह बढ़त भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता, आर्थिक मजबूती और हाल में हुए ऑपरेशन सिंदूर के प्रदर्शन की वजह से मिली है। भारत ने जापान और रूस को पीछे छोड़ दिया है, हालांकि चीन और अमेरिका से अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है। इस सूची में एशिया का न होने के बावजूद इस क्षेत्र में अपने दबदबे के चलते अमेरिका पहले स्थान पर है, जबकि चीन दूसरे स्थान पर। इसी से भारत के बढ़ते रसूख का अंदाजा लगाया जा सकता है। एशिया के 27 देशों के प्रदर्शन के आधार पर ये सूची तैयार की गई है। रिपोर्ट के अनुसार भारत अपने समकक्ष देशों की तुलना में काफी आगे दिखता है, लेकिन चीन से अब भी बड़ा अंतर बना हुआ है। वर्ष 2025 में भारत ने पहली बार उस सीमा को पार कर लिया है जिसे इंडेक्स में मेजर पावर के दर्जे के रूप में परिभाषित किया गया है। अमेरिका 81.7 अंक लेकर निर्विवाद रूप से शीर्ष पर है। चीन 73.7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है, जो उसकी प्रभाव क्षमता में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। भारत 40 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है और उसके कुल प्रभाव में दो प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। जापान 38.8 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.1 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहा। भारत की यह उछाल उसकी आर्थिक वृद्धि, सैन्य मूल्यांकन और क्षेत्रीय प्रभाव में मजबूती का संकेत देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *