समृद्धि न्यूज शाहजहांपुर। जनपद में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की संभावना तब और प्रबल हो गई जब जापान की एक छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल टीम बुधवार को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। टीम जिले में उद्योग स्थापित करने के संभावित प्रोजेक्ट के लिए जमीन का निरीक्षण करने आई है। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले शहबाज़नगर क्षेत्र स्थित प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। स्थल की भौगोलिक स्थिति, संसाधन उपलब्धता और परिवहन सुविधाओं का बारीकी से अध्ययन करने के बाद दल कैंट स्थित गेस्ट हाउस पहुंचा। यहां टीम की मुलाकात उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्रा और अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह सहित अन्य अधिकारियों से हुई। बैठक में उद्योग स्थापना से संबंधित संभावनाओं, आवश्यक सुविधाओं, निवेश प्रक्रिया और सरकारी नीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। जापानी टीम ने जनपद में उपलब्ध संसाधनों एवं औद्योगिक वातावरण में गहरी रुचि दिखाई। अधिकारियों ने उन्हें निवेश तथा औद्योगिक विकास के लिए सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं से अवगत कराया।प्रतिनिधिमंडल की यह पहल शाहजहांपुर में औद्योगिक विकास के नए द्वार खोल सकती है। स्थानीय लोगों में भी इस संभावित निवेश को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।
शाहजहांपुर में उद्योग लगाने को जापानी कंपनी ने दिखाई रुचि, प्रस्तावित साइट का किया निरीक्षण
