झमाझम बारिश: दिल्ली में रात से बरस रहा पानी

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार दोपहर से रुक-रुक कर बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ है वह जारी है। दिन के बाद रात 10 बजे के बाद से शुरू हुई बारिश अभी तक जारी है। एनसीआर में जमकर बारिश हो रही है। इससे दो दिन की गर्मी और उमस कम हुई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक बारिश की बात कही है।

दिल्ली में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। इसके बाद से मौसम सुहावना बना हुआ है। गुरुवार को भी दिल्ली में सुबह ही अंधेरा छा गया और आसमान में काले बादलों का डेरा रहा। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में आज भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में अभी अगले 5 दिन और बारिश का दौर जारी रहेगा।

इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। 31 जुलाई को महाराष्ट्र के कोंकण और घाट क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 6-7 दिनों के दौरान इस क्षेत्र में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 31 जुलाई से 4 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है।

31 जुलाई से 4 अगस्त के दौरान पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। हिमाचल पर बारिश आफत बनी हुई है। मंडी के कई इलाकों में बाढ़ आई हुई है। वहीं 31 जुलाई को जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा में भी बारिश की संभावना है। 31 जुलाई को पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *