समृद्धि न्यूज। महाभारत फेम अभिनेता पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है। बुधवार सुबह उनके निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया। उनके दोस्त फिरोज खान ने फैंस को उनके निधन की जानकारी दी है। महाभारत में कर्ण बनकर सबके दिलों में बस गए पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे। 68 साल में उन्होंने अंतिम सांस ली है। पिछले कई दिनों से पंकज धीर अस्पताल में भर्ती थे। लम्बे समय से वो कैंसर से अपनी लड़ाई लड़ रहे थे, लेकिन आखिरकार ये जंग हार गए और बीती रात उन्होंने आखिरी सांस ली। पंकज धीर को उनकी शानदार अभिनय क्षमता और दमदार आवाज के लिए जाना जाता था, लेकिन 1988 के ऐतिहासिक धारावाहिक महाभारत में निभाए गए कर्ण के चरित्र ने उन्हें अमर बना दिया। उनके इस किरदार को इतनी लोकप्रियता मिली कि देश के कई हिस्सों में उनकी मूर्तियों की पूजा भी की जाती थी, उन्होंने सडक़, सोल्जर और बादशाह जैसी कई फिल्मों में भी काम किया और टीवी पर भी लगातार सक्रिय रहे, उनके बेटे, निकितिन धीर भी एक जाने-माने अभिनेता हैं। पंकज धीर के साथ महाभारत में काम कर चुके फिरोज खान ने एक भावुक प्रतिक्रिया में कहा, हां यह सच है कि अब वे हमारे बीच नहीं रहे। व्यक्तिगत रूप से मैंने एक बेहद करीबी दोस्त खो दिया है। वह न सिर्फ अच्छे कलाकार थे, बल्कि एक बहुत अच्छे इंसान भी थे।
उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी एक तस्वीर साझा की और कहा कि उनके दोस्त का निधन हो गया है और वो इससे काफी दुखी है। उन्होंने आगे कहा, मैं अब भी सदमे में हूं और समझ नहीं पा रहा कि क्या कहूं। पंकज वाकई में अद्भुत व्यक्तित्व वाले इंसान थे। फिलहाल उनके निधन से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। इंडस्ट्री में शोक की लहर है और उनके साथ काम कर चुके कई कलाकारों ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से शोक जताना शुरू कर दिया है।
महाभारत के कर्ण पंकज धीर का निधन
